दैनिक प्राइम न्यूज राजस्थान राकेश तंवर भरतपुर। जिले में जिला परिषद, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव को लेकर चुनावी कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। भरतपुर जिले में पंचायत चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। जिले में तीसरे और चौथे चरण में मतदान होगा। चुनाव के बाद मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने पर जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधान पदों के लिए मतदान कराया जाएगा।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, भरतपुर में जिला परिषद के 31 सदस्यों और 7 पंचायत समितियों के 159 सदस्यों के चुनाव होंगे। वहीं जिले की 252 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव भी कराए जाएंगे। सरपंच और वार्ड पंच के लिए मतदान बैलेट पेपर से होगा, जबकि जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव में ईवीएम मशीनों का उपयोग किया जाएगा।
जिला प्रमुख का पद महिला एससी के लिए आरक्षित
भरतपुर में जिला प्रमुख का पद अनुसूचित जाति (एससी) की महिला के लिए आरक्षित किया गया है। इससे पहले 23 सितंबर को जिला मुख्यालय पर जिला परिषद के 31 सदस्यों और 7 पंचायत समिति प्रधान पदों के लिए आरक्षण की लॉटरी निकाली गई थी। इसके बाद 24 सितंबर को उपखंड स्तर पर 252 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए आरक्षण की लॉटरी निकाली गई।
आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया पूरी होने के आठ दिन बाद चुनावी कार्यक्रम जारी किया गया है। अब जिले में पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है। मतदान के बाद जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधान पदों के चुनाव की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।



0 टिप्पणियां
अपनी प्रतिक्रिया साझा करें।