बयाना। बाजरे की सरकारी खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर शुरू कराने की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सरकार से बाजरे की खरीद निर्धारित एमएसपी 2900 रुपए प्रति क्विंटल की दर से जल्द शुरू कराने की मांग की गई। भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ताओं ने बताया कि क्षेत्र में बाजरे की फसल तैयार हो चुकी है, लेकिन सरकारी खरीद शुरू नहीं होने से किसान अपनी उपज कृषि उपज मंडी में करीब 2100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से बेचने को मजबूर हैं। इससे किसानों को एमएसपी की तुलना में प्रति क्विंटल करीब 800 रुपए का नुकसान उठाना पड़ रहा है। ज्ञापन में कहा गया कि किसान खाद, बीज और जुताई सहित कृषि कार्यों के लिए उधार लेकर फसल तैयार करता है। फसल तैयार होने के बाद उसे तत्काल पैसों की आवश्यकता होती है, ऐसे में सरकारी खरीद शुरू नहीं होने से किसानों को मजबूरी में कम कीमत पर बाजरा बेचना पड़ रहा है। किसान संघ के कार्यकर्ताओं ने कहा कि पड़ोसी हरियाणा सरकार ने बाजरे की सरकारी दर पर खरीद शुरू कर दी है। ऐसे में राजस्थान सरकार को भी किसानों के हित में बिना देरी किए बाजरे की सरकारी खरीद शुरू करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द खरीद शुरू नहीं की गई तो भारतीय किसान संघ आंदोलन करने को मजबूर होगा और इसके बाद प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान संरक्षक सुबुद्धि सिंह, बने सिंह सैनी, मुन्ना सिंह जादौन, नारायण सिंह धाकड़, केदार सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राजस्थान
बाजरे की एमएसपी पर खरीद शुरू कराने की मांग, किसान संघ ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन 2900 रुपए प्रति क्विंटल की दर से सरकारी खरीद शुरू नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी



0 टिप्पणियां
अपनी प्रतिक्रिया साझा करें।