बयाना। नगरपालिका मंडल के नवगठित बोर्ड की पहली साधारण सभा सोमवार को पालिका सभागार में अध्यक्ष उषा अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई। विधायक डॉ. ऋतु बनावत मुख्य अतिथि रहीं। बैठक की शुरुआत में ईओ जितेंद्र गर्ग ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित सभी पार्षदों का स्वागत किया। बैठक में सफाई, ड्रेनेज, जलभराव, पार्क, पेयजल, रोशनी और कचरा डंपिंग जैसे मुद्दे छाए रहे।
विधायक डॉ. ऋतु बनावत ने पार्षदों से रोजाना तीन घंटे अपने वार्ड के लिए देने का आह्वान किया। उन्होंने ड्रेनेज सिस्टम सुधारने और शहर को स्वच्छता में अव्वल बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी की बात कही। महिला पार्षदों से उन्होंने कहा कि वे घर के साथ सार्वजनिक जीवन की जिम्मेदारी निभाते हुए अपने अधिकारों को समझें और बुनियादी सुविधाओं से आगे विकास के नए आइडिया सामने लाएं।
पार्षद मणि अग्रवाल ने पालिका कार्यालय के पास आधुनिक पार्क निर्माण के लिए बजट की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि पूर्व कार्यकाल में 1.25 करोड़ रुपए की डीपीआर तैयार हुई थी, लेकिन पालिका के पास बजट नहीं है। विधायक से यूडीएच मंत्री, विधायक निधि या डीएफएमडी फंड से बजट दिलाने की मांग की। विधायक ने शहर में छोटे पार्क विकसित करने की बात कही। वहीं पार्षद दिनेश शर्मा ने उक्त जमीन को जलभराव क्षेत्र बताते हुए पार्क का विरोध किया।
पार्षद प्रेम शंकर तिवारी ने सिलारी डंपिंग यार्ड बंद करने और कमल किशोर ने अंबेडकर पार्क की बदहाली दूर करने की मांग की। उन्होंने पार्क में नशेड़ियों के जमावड़े, टूटी बैठने की व्यवस्था, गंदगी और पर्याप्त रोशनी नहीं होने का मुद्दा उठाया। बैठक में 100 फीट ऊंचा तिरंगा लगाने के लिए स्थान चिन्हित करने का निर्णय लिया गया। अमृत जल योजना के तहत करीब 9 करोड़ रुपए की परियोजना के टेंडर हो चुके हैं और जल्द पेयजल व्यवस्था में सुधार की बात कही गई।
दिवाली पर चार गुना कचरा बढ़ेगा, अभी प्लान नहीं
पार्षदों ने सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि दिवाली पर सामान्य दिनों की तुलना में चार गुना कचरा निकलेगा, लेकिन पालिका के पास कोई एक्शन प्लान नहीं है। इस पर अध्यक्ष उषा अग्रवाल ने डबल शिफ्ट में सफाई, कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने और रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था प्रभावी करने के निर्देश दिए। पार्षद सुनीता गुप्ता, हेमंत कुमारी धाकड़, उर्मिला धाकड़, सुमित्रा शर्मा ने नए नालों, नियमित नाली सफाई, जलभराव, निराश्रित गोवंश व बंदरों से निजात और वार्डों में रोशनी सुधारने की मांग भी रखी।
बैठक के बाद भीतरबाड़ी क्षेत्र के लोगों ने कमल हौज में वर्षों से शहर का कचरा डाले जाने का विरोध किया। लोगों ने बदबू, प्रदूषण, गोवंश की मौत और पानी दूषित होने की शिकायत की। अध्यक्ष और ईओ ने जल्द निर्णय लेकर डंपिंग यार्ड के लिए दूसरा स्थान चिन्हित करने का भरोसा दिया।



0 टिप्पणियां
अपनी प्रतिक्रिया साझा करें।