प्राइम न्यूज राजस्थान खुशीराम गुर्जर
राजकीय महाविद्यालय। राजकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। समापन समारोह की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. के.एल. मीणा ने की। उन्होंने स्वयंसेवकों के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए जीवन में सेवा और स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही ‘सिकंदर महान’ का प्रेरक प्रसंग सुनाकर विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया।साइबर धोखाधड़ी से बचाव के बताए उपाय समारोह के मुख्य अतिथि यस बैंक के मैनेजर विठ्ठल छीपा ने विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड और ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसी ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए। उन्होंने बैंकिंग क्षेत्र की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए युवाओं को जागरूक रहने का संदेश दिया।
राजस्थानी लोकगीतों पर दी रंगारंग प्रस्तुतियां
समापन समारोह में छात्राओं गंगा, लता, अंतिमा, प्रिया और रितु तथा छात्र दशरथ ने राजस्थानी लोकगीतों और फिल्मी गानों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। वहीं कोमल, हिमांशु, शानू और राधेश्याम ने शिविर के दौरान प्राप्त अनुभव साझा किए।
नायकी गांव में आयोजित गतिविधियों का दिया ब्यौरा
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आनंद पाराशर ने सात दिवसीय शिविर का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने गोद लिए गए नायकी गांव और महाविद्यालय परिसर में आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। पूर्व कार्यक्रम प्रभारी डॉ. ज्योति मीणा ने स्वयंसेवकों को मानवता और सेवा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का मंच संचालन छात्रा स्नेहल वैष्णव ने किया। इस अवसर पर यस बैंक से कमल पांचाल और इरशाद मोहम्मद तथा महाविद्यालय परिवार से डॉ. रजनी, असिस्टेंट प्रोफेसर माया पारीक, प्रवीण वर्मा, मनोज कुमार ढाका और मंत्रालयिक कर्मचारी हर्षित सहित बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।



0 टिप्पणियां
अपनी प्रतिक्रिया साझा करें।