सामान्य जन चेतना मंच जनजागरण अभियान को देगा गति, पंचायतीराज चुनाव में मतदाताओं से विवेकपूर्ण मतदान की अपील,
यूजीसी नियमों, आर्थिक आधार पर आरक्षण और एससी-एसटी एक्ट के कथित दुरुपयोग के मुद्दों पर मंथन; 25 अक्टूबर के विराट प्रदर्शन में भागीदारी का आह्वान,
दैनिक प्राइम न्यूज़ राजस्थान
नरेश गौतम, ब्यूरो चीफ करौली। सामान्य जन चेतना मंच करौली ने सामाजिक एवं राजनीतिक मुद्दों पर जनजागरण अभियान को और तेज करने का निर्णय लिया है। गुलाब बाग स्थित पचौरी भवन में देर रात आयोजित मंच के वरिष्ठ एवं जागरूक नागरिकों की बैठक में यूजीसी नियमों के विरोध, जातिगत आरक्षण के स्थान पर आर्थिक आधार पर आरक्षण तथा एससी-एसटी एक्ट के कथित दुरुपयोग सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही नगर निकाय चुनाव में सामान्य वर्ग के मतदाताओं की एकजुटता के लिए आभार व्यक्त करते हुए अभियान को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि नगर परिषद करौली चुनाव-2026 में कांग्रेस के 28, निर्दलीय 15, भाजपा के 11 तथा बसपा का एक पार्षद निर्वाचित हुआ। वक्ताओं ने इसे सामान्य वर्ग के मतदाताओं में बढ़ती राजनीतिक जागरूकता और एकजुटता के संदर्भ में महत्वपूर्ण बताया।
मंच के संरक्षक दिनेश पचौरी ने बताया कि पुरुषोत्तम शर्मा गुवरेड़ा वाले ने चुनाव परिणामों को यूजीसी नियमों के विरोध में चलाए गए जनजागरण अभियान के प्रभाव से जोड़ते हुए अपने विचार व्यक्त किए। अग्रवाल समाज के पूर्व अध्यक्ष श्याम बजाज ने सामाजिक एकता, आपसी सौहार्द और रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
वेणुगोपाल शर्मा ने यूजीसी विरोध में श्री राजपूत करणी सेना की भूमिका की सराहना करते हुए सामान्य समाज के सभी वर्गों से आंदोलन में तन, मन और धन से सहयोग करने की अपील की। एडवोकेट ऊधौ सिंह ने राजनीतिक दलों की नीतियों एवं निर्णयों का मूल्यांकन कर सामान्य वर्ग के हितों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता जताई। वहीं वेद प्रकाश उपाध्याय ने सामाजिक एकजुटता को मजबूत बनाने और जनजागरण अभियान को निरंतर जारी रखने पर बल दिया।
पंचायत चुनाव में विवेकपूर्ण मतदान की अपील
बैठक में निर्णय लिया गया कि मंच की ओर से तैयार जनजागरण पंपलेट को अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाया जाएगा। पंचायतीराज चुनाव में सामान्य वर्ग के मतदाताओं से पंपलेट में उल्लिखित तथ्यों एवं मुद्दों को पढ़ने-समझने के बाद अपने विवेक के आधार पर मतदान करने की अपील की गई। इसके साथ ही 25 अक्टूबर 2026 को विद्याधर नगर में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना की ओर से प्रस्तावित विराट प्रदर्शन में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया गया।
बैठक में मंच के सहसंयोजक अभय कुमार शास्त्री, समता आंदोलन समिति के जिला अध्यक्ष नरेश सिंह बिनेगा, राजेंद्र प्रसाद शर्मा, ओम प्रकाश सिंह रामपुरा, डॉ. देव कुमार शर्मा, रघुवीर सिंह, समता आंदोलन समिति के जिला मंत्री ईश्वर शरण शर्मा, नरेंद्र सिंह टटवाई, महेश उपाध्याय, प्रवीण शर्मा, अवधेश शर्मा सहित मंच के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाने, जनसंपर्क का दायरा विस्तृत करने और अभियान को निरंतर गति देने पर सहमति व्यक्त की गई।



0 टिप्पणियां
अपनी प्रतिक्रिया साझा करें।