रिपोर्टर अनिल कुमार
अजमेर, 1 नवंबर। आत्मा योजना के तहत अजमेर जिले के चयनित प्रगतिशील किसानों का सात दिवसीय अंतरराज्यीय कृषक भ्रमण रविवार को शुरू हुआ। कृषि विभाग की ओर से किसानों के दल को हरी झंडी दिखाकर गुजरात के विभिन्न कृषि विश्वविद्यालयों, अनुसंधान संस्थानों, कृषि प्रशिक्षण संस्थानों, कृषि विज्ञान केंद्रों, कृषि प्रसंस्करण इकाइयों और प्रगतिशील किसानों के यहां भ्रमण के लिए रवाना किया गया।
इस भ्रमण का उद्देश्य कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में विकसित नई तकनीकों, अनुसंधान और आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी किसानों तक पहुंचाना है। भ्रमण के दौरान किसान उन्नत बीज किस्मों, जल एवं मृदा संरक्षण, संतुलित उर्वरक एवं कीटनाशी उपयोग, समेकित खेती प्रणाली, जैविक एवं संरक्षित खेती, उद्यानिकी, डेयरी तथा पशुपालन से जुड़ी गतिविधियों का अवलोकन करेंगे।
कृषक भ्रमण दल गुजरात के दांतीवाड़ा, ऊंझा की जीरा मंडी, मेहसाणा डेयरी, जगुदान, ओखा और जूनागढ़ सहित विभिन्न स्थानों का दौरा करेगा। इस दौरान किसान कृषि क्षेत्र में अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों एवं सफल कृषि मॉडलों की जानकारी प्राप्त करेंगे।
कृषक दल को उप निदेशक कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक आत्मा अजमेर संतोष कुमार तंवर तथा उप परियोजना निदेशक आत्मा पूजा दोताणियां ने भ्रमण प्रभारी मुजीर्बरहमान एवं सहप्रभारी सुभाष चंद्र खोजा के साथ हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।



0 टिप्पणियां
अपनी प्रतिक्रिया साझा करें।