रिपोर्टर अनिल कुमार
प्रथम दिवस पर विभिन्न विभागों ने आयोजित की जागरूकता एवं जनभागीदारी गतिविधियां
अजमेर, 1 नवम्बर। ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के तहत 1 से 7 नवम्बर तक अजमेर जिले में विभिन्न विभागों द्वारा स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता एवं जनभागीदारी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। सप्ताह के प्रथम दिवस पर विभिन्न स्थानों पर योग, शपथ, पौधारोपण, नेचर ट्रेल सहित कई गतिविधियां आयोजित की गईं।
वन विभाग द्वारा अजमेर वन मंडल के विभिन्न स्थानों पर नेचर ट्रेल, मिशन लाइफ शपथ, जन-जागरूकता गतिविधियों एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से शपथ ग्रहण एवं पौधारोपण गतिविधियां हुईं।
आयुर्वेद विभाग द्वारा राजकीय आयुर्वेद नर्सिंग कॉलेज, अजमेर में ब्रिक्स सप्ताह का शुभारंभ किया गया। इस दौरान स्वस्थ जीवनशैली और आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल द्वारा लघु उद्योग भारती एवं हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड, कायड़ माइंस के सहयोग से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी प्रकार सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय, अजमेर में योग सत्र एवं स्वस्थ एवं जागरूक जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई गई। इसमें विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों ने भाग लिया।
आयोजित गतिविधियों के माध्यम से आमजन एवं विभागीय कार्मिकों को योग एवं व्यायाम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, ऊर्जा एवं जल संरक्षण, एकल उपयोग प्लास्टिक से बचने, कचरा एवं ई-कचरा कम करने तथा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के आगामी दिनों में भी निर्धारित थीम के अनुरूप विभिन्न विभागों द्वारा जागरूकता, जनभागीदारी एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।



0 टिप्पणियां
अपनी प्रतिक्रिया साझा करें।