रिपोर्टर अनिल कुमार
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शहरवासियों ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ
अजमेर, 31 अक्टूबर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को अजमेर में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। दौड़ कलेक्ट्रेट कार्यालय से शुरू होकर सावित्री चौराहा, जवाहर रंगमंच होते हुए पुरानी चौपाटी तक आयोजित की गई।
रन फॉर यूनिटी का शुभारंभ कलेक्ट्रेट कार्यालय से अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रवीण कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ ने हरी झंडी दिखाकर किया। आयोजन का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव की भावना को मजबूत करना रहा।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रवीण कुमार ने उपस्थित सहभागियों, विद्यार्थियों एवं अधिकारियों को देश की एकता, अखंडता तथा आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ बनाए रखने की राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, उनके विचारों और देश के एकीकरण में उनके महत्वपूर्ण योगदान को याद किया गया।
रन फॉर यूनिटी में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी गोविन्द नारायण शर्मा, मेडिकल कॉलेज के उपप्राचार्य कमलेश तनवानी, स्वास्थ्य अधिकारी रमेश चौधरी सहित जिला प्रशासन, कलेक्ट्रेट एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
इसके अलावा बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी, राष्ट्रीय कैडेट कोर के कैडेट, जवाहरलाल नेहरू एवं जनाना चिकित्सालय के मेडिकल तथा नर्सिंग विद्यार्थी और आमजन ने उत्साहपूर्वक दौड़ में हिस्सा लिया। आयोजन के माध्यम से शहरवासियों को राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और देशभक्ति का संदेश दिया गया।



0 टिप्पणियां
अपनी प्रतिक्रिया साझा करें।