रिपोर्टर अनिल कुमार
अजमेर। अजमेर शहर में विकास कार्यों को गति देते हुए वार्ड संख्या 56 में 21 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। राजस्थान सरकार की ओर से मुक्केश टेंकर चौराहे से श्री श्याम जनरल स्टोर तक सड़क का निर्माण करवाया जाएगा। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अजमेर दक्षिण विधायक एवं पूर्व महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिता भदेल उपस्थित रहीं। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में झलकारी बाई मंडल अध्यक्ष रजनीश चौहान सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, स्थानीय कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
इस अवसर पर विधायक अनिता भदेल ने कहा कि क्षेत्र का विकास और आमजन को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। सड़क निर्माण होने से स्थानीय निवासियों और राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान भी होगा।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने अतिथियों का स्वागत किया तथा सड़क निर्माण कार्य की सौगात मिलने पर आभार व्यक्त किया। आयोजन में क्षेत्रवासियों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम के आयोजक झलकारी बाई मंडल, दक्षिण विधानसभा अजमेर की ओर से सभी अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया।



0 टिप्पणियां
अपनी प्रतिक्रिया साझा करें।