रिपोर्टर अनिल कुमार
विधायक कोष से 11.80 लाख रुपये की राशि स्वीकृत
अजमेर, 1 नवंबर। विधानसभा अध्यक्ष एवं अजमेर उत्तर विधायक वासुदेव देवनानी ने रविवार को अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 11 स्थित लोंगिया में सामुदायिक भवन के मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ किया। इस कार्य के लिए विधायक कोष से 11.80 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
इस अवसर पर देवनानी ने कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। सामुदायिक भवन स्थानीय निवासियों के सामाजिक एवं सामूहिक आयोजनों का महत्वपूर्ण केंद्र होते हैं। भवन के मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण के बाद गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों को विवाह, सामाजिक समारोह तथा अन्य सामूहिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा।
उन्होंने कहा कि अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। सड़क, रोशनी, जल निकासी, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े कार्य निरंतर करवाए जा रहे हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि नव अजमेर के निर्माण की दिशा में कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। अजमेर के प्रवेश मार्ग पर 8 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सौंदर्यीकरण कार्य किए जा रहे हैं। इससे शहर में प्रवेश करने वाले लोगों को बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा।
उन्होंने बताया कि पंचशील में अत्याधुनिक साइंस पार्क विकसित किया जा रहा है। विद्यार्थियों एवं बेटियों के लिए निःशुल्क आधुनिक सुविधाओं से युक्त चार मंजिला लाइब्रेरी का निर्माण भी जारी है।
देवनानी ने कहा कि हाथीखेड़ा में बच्चियों के लिए 20 करोड़ रुपये की लागत से सैनिक स्कूल तथा युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए आईटी पार्क स्थापित किया जा रहा है। आईटी पार्क में तीन प्रमुख कंपनियों को प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं। वहीं माकड़वाली रोड पर हजारों दर्शकों की क्षमता वाला खेल स्टेडियम भी आकार ले रहा है।
कार्यक्रम में महापौर अनामिका शर्मा, वार्ड पार्षद सुफिया कुरैशी सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।



0 टिप्पणियां
अपनी प्रतिक्रिया साझा करें।