रिपोर्टर अनिल कुमार
किशनगढ़ के सिंधी कॉलोनी स्थित शिवालय में संत कंवर राम साहिब की प्रतिमा का अनावरण, अजमेर में शहादत दिवस कार्यक्रम में भी हुए शामिल
अजमेर, 1 नवंबर। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने रविवार को किशनगढ़ की सिंधी कॉलोनी स्थित शिवालय में सिंधु सेवा समिति के निर्देशन में स्थापित संत भगत कंवर राम साहिब की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान झूलेलाल के चित्र के समक्ष ज्योत प्रज्ज्वलित कर पूजा-अर्चना की तथा संत कंवर राम साहिब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देवनानी ने कहा कि संत-महात्मा अपने जीवन और विचारों से समाज को सही दिशा दिखाने का कार्य करते हैं। संत भगत कंवर राम साहिब सामाजिक समरसता, सद्भाव और मानवता के प्रतीक थे। उन्होंने अपना जीवन गरीबों, अनाथों, विधवाओं और जरूरतमंदों की सेवा के लिए समर्पित किया।
उन्होंने कहा कि संत कंवर राम साहिब महान सूफी संत और मानवता के सच्चे उपासक थे। सत्संग एवं भक्ति से प्राप्त धनराशि को वे स्वयं पर खर्च करने के बजाय दीन-दुखियों और जरूरतमंदों की सहायता में लगाते थे। उनका जीवन सेवा, त्याग, प्रेम और भाईचारे का उदाहरण है। सिंधु सेवा समिति द्वारा उनकी प्रतिमा स्थापित करना उनके आदर्शों और विचारों को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल है।
देवनानी ने कहा कि संतों के विचार समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने बताया कि संत भगत कंवर राम साहिब 1 नवंबर 1939 को शहीद हुए थे और सिंधी समाज द्वारा प्रतिवर्ष इस दिन उनका शहादत दिवस श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया जाता है।
कार्यक्रम में नगर परिषद सभापति राजकुमार बड़जात्या, उपसभापति मानवेंद्र, पूर्व उपसभापति मनोहर तारणी, विष्णु मेघानी, पीशु भाई मुलानी, वासुदेव पंजवानी सहित सिंधु सेवा समिति के पदाधिकारी एवं समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन गिरधारी अमरवाणी ने किया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने अजमेर स्थित संत कंवर राम धर्मशाला में आयोजित शहादत दिवस कार्यक्रम में भी भाग लिया। उन्होंने संत कंवर राम साहिब की आरती कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
आयोजन के अंत में शिवालय परिसर में संत कंवर राम साहिब की प्रतिमा स्थापित करने के लिए स्थान उपलब्ध कराने पर ताराणी परिवार का आभार व्यक्त किया गया तथा कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी समाजबंधुओं का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।



0 टिप्पणियां
अपनी प्रतिक्रिया साझा करें।