दैनिक प्राइम न्यूज राजस्थान राकेश तंवर बयाना। गढ़ीबाजना थाना क्षेत्र के गांव तरसूमा में बुधवार रात पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर फायरिंग करने का मामला सामने आया है। किराना दुकान के बाहर खड़े अनिल उर्फ भोला गुर्जर (28) पर आरोपियों ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी। गोली के छर्रे दोनों पैरों में लगने से अनिल घायल हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजन घायल को बयाना अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
*खाना खाने के बाद टहल रहा था*
पीड़ित अनिल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे वह खाना खाने के बाद घर के बाहर रास्ते पर टहल रहा था। इसी दौरान किराना दुकान के सामने गांव के ही चंद्रभान गुर्जर, दीपक और रणजीत गुर्जर सहित अन्य लोगों ने उसे रोक लिया।
*पुरानी रंजिश को लेकर विवाद*
अनिल के अनुसार आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर उसके साथ गाली-गलौज की। इसके बाद कथित तौर पर अवैध कट्टे से हवाई फायर किया और फिर उसके पैरों की ओर गोली चला दी। गोली के छर्रे दोनों पैरों में लगने से वह घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
*पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी*
फायरिंग की सूचना मिलते ही एएसपी रामगोपाल बसवाल, सीओ देवेंद्र जाखड़ और गढ़ीबाजना थाना प्रभारी श्यामलाल मीणा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी ली।
*आरोपियों की तलाश में दबिश*
थाना प्रभारी श्यामलाल मीणा ने बताया कि चंद्रभान गुर्जर, दीपक और रणजीत गुर्जर सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है, जो उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस फायरिंग में इस्तेमाल हथियार और वारदात के पीछे के विवाद के कारणों की भी जांच कर रही है।



0 टिप्पणियां
अपनी प्रतिक्रिया साझा करें।