5 हजार रुपए का इनामी बदमाश करौली पुलिस की गिरफ्त में, जयपुर पूर्व पुलिस को थी तलाश
जिला स्पेशल टीम की सटीक सूचना और टीमवर्क से मिली बड़ी सफलता, 24 वर्षीय आरोपी को जयपुर पूर्व पुलिस के किया सुपुर्द,
दैनिक प्राइम न्यूज़ राजस्थान
नरेश गौतम ब्यूरो चीफ करौली, 10 अक्टूबर। राजस्थान पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर संगठित अपराध, हार्डकोर अपराधियों, इनामी बदमाशों, सीमावर्ती राज्यों के आपराधिक गिरोहों तथा अवैध जुआ-सट्टा, मादक पदार्थ, शराब तस्करी और अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत करौली जिला पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। जिला पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के निर्देशन में जिला स्पेशल टीम ने जयपुर पूर्व पुलिस को वांछित ₹5,000 के इनामी आरोपी को दस्तयाब कर संबंधित पुलिस के सुपुर्द किया है।
पुलिस महानिरीक्षक भरतपुर रेंज डॉ. प्रीति चन्द्रा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार कसवां के सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में जिला स्पेशल टीम ने लगातार प्रयास, सटीक सूचना संकलन और प्रभावी टीमवर्क के जरिए आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
प्रताप नगर थाने के प्रकरण में वांछित था आरोपी
पुलिस के अनुसार जयपुर कमिश्नरेट के प्रताप नगर थाने में दर्ज मुकदमा नंबर 174/2026 में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए जयपुर पूर्व पुलिस उपायुक्त की ओर से आदेश क्रमांक 737, दिनांक 3 अक्टूबर 2026 को ₹5,000 का इनाम घोषित किया गया था।
करौली जिला स्पेशल टीम ने आरोपी की तलाश में सूचना संकलन और तकनीकी व मैदानी प्रयासों के आधार पर कार्रवाई की। टीम ने आरोपी को करौली जिले के गांव रेखपुरा से दस्तयाब कर थाना प्रताप नगर, जयपुर पूर्व पुलिस के सुपुर्द किया।
जिला स्पेशल टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में जिला स्पेशल टीम प्रभारी रामकुमार, उप निरीक्षक, के नेतृत्व में टीम के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में रामनारायण हेड कांस्टेबल 31, रवि कुमार कांस्टेबल 544, सतवीर सिंह कांस्टेबल 573 तथा चालक जितेन्द्र कांस्टेबल 352 शामिल रहे।
करौली पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान को प्रभावी ढंग से जारी रखने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का उद्देश्य अपराधियों पर शिकंजा कसने के साथ जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है।



0 टिप्पणियां
अपनी प्रतिक्रिया साझा करें।