नरेश गौतम ब्यूरो चीफ करौली
करौली पुलिस का बड़ा खुलासा, 24 घंटे में केशू हत्याकांड का पर्दाफाश,
राजस्थान के हिण्डौन सिटी में केशू माली हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वारदात के बाद पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को रेलवे स्टेशन हिण्डौन सिटी से दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक, स्टेशन रोड स्थित शराब के ठेके के पीछे सुनसान जगह पर केशू माली की हत्या की गई थी। मृतक के सिर पर पत्थर से वार किए जाने के निशान मिले थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी हत्या की वजह बनी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान खेमसिंह उर्फ खेमू उर्फ नैना, निवासी भरतपुर जिले के रूप में हुई है। नई मण्डी थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नरेश पोसवाल की टीम की अहम भूमिका रही। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
करौली के हिंडौन सिटी से नरेश गौतम की रिपोर्ट।



0 टिप्पणियां
अपनी प्रतिक्रिया साझा करें।