दैनिक प्राइम न्यूज़ राकेश तंवर बयाना। बयाना-रुदावल स्टेट हाईवे पर बुधवार दोपहर एक बाइक को बचाने के प्रयास में ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो सवार पांच महिलाएं घायल हो गईं। सभी घायलों को बयाना के उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ महिलाएं ऑटो के नीचे दब गई थीं, जिन्हें स्थानीय लोगों ने मदद कर बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, शेरगढ़ गांव की महिलाएं एक रिश्तेदार की गमी में शामिल होने के लिए खार का नगला गांव जा रही थीं। दोपहर करीब 12:30 बजे सिंघाड़ा स्थित बाबा पेट्रोल पंप के पास सामने से एक बाइक आ गई। बाइक को बचाने के प्रयास में ऑटो चालक रामहंस वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ऑटो सड़क पर पलट गया।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की और उन्हें निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया। घायलों में शेरगढ़ निवासी सोमोती, फूलवती, केशर और सपना तथा धुरेरी निवासी बबीता शामिल हैं। ऑटो चालक रामहंस निवासी बंगसपुरा को चोट नहीं आई।
सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और घायलों से दुर्घटना के संबंध में जानकारी ली। एसएचओ रामगिलास गुर्जर ने बताया कि पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के बयान और घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई है। फिलहाल दुर्घटना के संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।



0 टिप्पणियां
अपनी प्रतिक्रिया साझा करें।