गंगधार झालावाड़
चौमहला कृषि मंडी पर किसानों ने जड़ा ताला, व्यापारियों की मनमानी के खिलाफ प्रदर्शन
झालावाड़ जिले के गंगधार उपखंड क्षेत्र की चौमहला कृषि उपज मंडी में खरीद व्यवस्था से नाराज किसानों ने मंडी गेट पर ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने नारेबाजी करते हुए मंडी में खरीद व्यवस्था सुचारू करने और अपनी उपज का उचित भाव दिलाने की मांग उठाई।
किसानों का आरोप है कि मंडी में पंजीकृत व्यापारी उपज की खरीद के लिए नहीं पहुंच रहे हैं। वहीं, गिने-चुने व्यापारी ही अपनी मर्जी के अनुसार खरीद कर रहे हैं। इससे किसानों को अपनी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है और उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौके पर पहुंचे किसान संघ के पदाधिकारी व तहसीलदार
मंडी गेट पर ताला लगाकर प्रदर्शन किए जाने की सूचना मिलने पर किसान संघ के पदाधिकारी और तहसीलदार गणेश खंगार मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास किया।
तहसीलदार गणेश खंगार ने बताया कि किसानों को समझाइश देकर मंडी की व्यवस्था सुचारू रूप से शुरू करवा दी गई है।
अधिक व्यापारियों की भागीदारी की मांग
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने मंडी में अधिक से अधिक पंजीकृत व्यापारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग की। किसानों का कहना है कि पर्याप्त संख्या में व्यापारी खरीद के लिए पहुंचेंगे तो प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और उन्हें अपनी उपज का उचित भाव मिल सकेगा। किसानों ने मंडी प्रशासन से खरीद व्यवस्था में सुधार कर उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान करने की मांग की।



0 टिप्पणियां
अपनी प्रतिक्रिया साझा करें।