रिपोर्टर अनिल कुमार
केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का किया आह्वान
अजमेर, 31 अक्टूबर। मेरा युवा भारत अजमेर एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में शनिवार को राजकीय महिला इंजीनियरिंग कॉलेज, माखुपुरा में ‘विकसित भारत युवा संवाद : अपना वोट जानें’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 200 युवाओं ने भाग लेकर मतदाता जागरूकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार भागीरथ चौधरी मुख्य अतिथि तथा अजमेर दक्षिण विधायक अनीता भदेल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर प्रकृति त्रिवेदी ने की।
केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवाओं की जागरूक और जिम्मेदार भागीदारी बेहद आवश्यक है। प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार के महत्व को समझते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति विश्वास रखते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
विधायक अनीता भदेल ने कहा कि युवा देश के लोकतंत्र की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। मतदाता सूची की शुद्धता, मतदान के प्रति जागरूकता तथा संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी प्रत्येक युवा के लिए आवश्यक है। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने और युवाओं तक सही जानकारी पहुंचाने के लिए माय भारत के प्रयास की सराहना की।
प्राचार्या प्रोफेसर प्रकृति त्रिवेदी ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की जागरूकता, सक्रिय सहभागिता और संवैधानिक मूल्यों की समझ महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। शैक्षणिक संस्थानों को जिम्मेदार नागरिकता और लोकतांत्रिक संस्कार विकसित करने के लिए ऐसे आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में यूथ आइकॉन अनन्या टाक ने प्रस्तुति के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण के कानूनी आधार, मतदाता सूची की शुद्धता एवं भारत में इसके ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य की जानकारी दी। उन्होंने लोकतंत्र और भीड़तंत्र के अंतर, विदेशी प्रभाव एवं फंडिंग में पारदर्शिता तथा सोशल मीडिया पर फैलने वाली गलत सूचनाओं और भ्रामक प्रचार के प्रति युवाओं की जिम्मेदारी पर भी प्रकाश डाला।
स्पोर्ट्स आइकॉन एवं वॉलीबॉल खिलाड़ी गरिमा चौधरी ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान युवाओं और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद हुआ, जिसमें पहली बार मतदान करने वाले युवाओं की भूमिका, मतदाता सूची और नागरिक जिम्मेदारियों से जुड़े सवालों पर चर्चा हुई।
माय भारत अजमेर के जिला युवा अधिकारी जयेश मीना ने युवाओं को विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद 2027 के संबंध में जानकारी देते हुए राष्ट्र निर्माण में युवाओं की नेतृत्वकारी भूमिका के महत्व से अवगत कराया।
कार्यक्रम के आयोजन में राष्ट्रीय सेवा योजना की टीम लीडर युक्ता सहित पुष्पा, सोनिया, हिमानी, खुशाली, विधि, भारती, संगीता, ध्रुविका एवं अस्फिया का विशेष योगदान रहा। मंच संचालन हिमांशी एवं आकांक्षा ने किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी अमरजीत पूनिया तथा माय भारत अजमेर के कार्यालय सहायक लोकेन्द्र सिसोदिया भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन लोकतांत्रिक शपथ के साथ हुआ। उपस्थित करीब 200 युवाओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों के सम्मान, जागरूक सहभागिता और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।



0 टिप्पणियां
अपनी प्रतिक्रिया साझा करें।