दैनिक प्राइम न्यूज राजस्थान राकेश तंवर भरतपुर। परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग की ओर से एनसीआर क्षेत्र में परिवर्तन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से अतिरिक्त प्रादेशिक परिवहन अधिकारी अभय मुदगल की अध्यक्षता में वाहन विक्रेता डीलर्स के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक, पंजाब नेशनल बैंक तथा परिवर्तन योजना के नोडल केनरा बैंक प्रबंधक ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।
अतिरिक्त परिवहन अधिकारी ने बताया कि एनसीआर क्षेत्र में बीएस-6 मानक के वाहनों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से परिवर्तन योजना लागू की गई है। इसके तहत बीएस-4 या इससे पुराने मानकों के वाहनों को एनसीआर क्षेत्र से बाहर ले जाने पर वाहन स्वामियों को विभिन्न वित्तीय लाभ प्रदान किए जा रहे हैं। योजना के अंतर्गत नया बीएस-6 वाहन खरीदने पर एक्स-शोरूम कीमत में 8 प्रतिशत की छूट, पंजीकरण शुल्क में 100 प्रतिशत छूट, 5 प्रतिशत ब्याज में राहत तथा 40 वर्ष तक मोटर वाहन कर में छूट जैसे लाभ दिए जाने का प्रावधान है। पुराने वाहन को स्क्रैप कराने पर 4,800 रुपये तक की मासिक ईंधन सहायता तथा इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर 2.56 लाख रुपये तक का एकमुश्त लाभ भी दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए वाहन स्वामियों को निर्धारित शर्तों के अनुसार पुराने वाहन का निस्तारण करना होगा। इसके अतिरिक्त, परिवर्तन योजना के अंतर्गत पुराना बीएस-6 वाहन खरीदकर एनसीआर क्षेत्र में पंजीकृत कराने पर 10 वर्ष तक मोटर वाहन कर में 50 प्रतिशत की छूट तथा पंजीकरण शुल्क में 100 प्रतिशत छूट सहित अन्य लाभ दिए जाने का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि भरतपुर में एनसीआर क्षेत्र के कुल 4,653 वाहनों को योजना के अंतर्गत शामिल किया गया है। इनमें से 22 अक्टूबर 2026 तक कुल 396 वाहनों का पंजीकरण कराया जा चुका है।
अतिरिक्त प्रादेशिक परिवहन अधिकारी ने वाहन डीलर्स को योजना के अंतर्गत पंजीकरण कराने वाले वाहनों की सूची उपलब्ध करवाते हुए संबंधित वाहन स्वामियों से संपर्क कर आवश्यक अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना का लाभ अधिकाधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया। योजना के प्रचार-प्रसार के लिए प्रशिक्षु जिला परिवहन अधिकारी जीतेन्द्र एवं परिवहन निरीक्षक नीतू शर्मा द्वारा राजेश मोटर्स, भरतपुर में सेमिनार आयोजित किया गया। इसमें उपस्थित लोगों को परिवर्तन योजना के तहत मिलने वाले लाभों तथा निर्धारित प्रक्रिया की जानकारी दी गई।



0 टिप्पणियां
अपनी प्रतिक्रिया साझा करें।