दैनिक प्राइम न्यूज राजस्थान खुशीराम गुर्जर, केकड़ी
केकड़ी। यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी की ओर से बुधवार को श्री मिश्रीलाल दुबे पैरामेडिकल महाविद्यालय में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 53 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श और उपयोगी सुझाव दिए।
चिकित्सकीय दल ने दी सेवाएं
शिविर प्रभारी डॉ. अंशुल चाहर ने बताया कि शिविर के दौरान डॉ. जुन्नून अली एवं डॉ. अनुश्री नागर ने चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान कीं। चिकित्सकों ने उपस्थित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी।
शिविर के संचालन में कंपाउंडर सुनील बिश्नोई, अमित मीणा एवं इंटर्न विद्यार्थी अनिकेत बैरवा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
महाविद्यालय प्रबंधन ने जताया आभार
शिविर के समापन पर श्री मिश्रीलाल दुबे पैरामेडिकल महाविद्यालय के निदेशक डॉ. अविनाश दुबे एवं अनिरुद्ध दुबे ने चिकित्सा दल का आभार व्यक्त किया। शिविर के आयोजन में महाविद्यालय की प्राचार्य भवानी मीणा एवं आशीष प्रजापत का विशेष सहयोग रहा।
स्वास्थ्य जागरूकता सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा
यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी के प्राचार्य एवं चिकित्सालय अधीक्षक डॉ. पुनीत आर. शाह ने शिविर के आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच और स्वास्थ्य जागरूकता उनके सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस तरह के शिविर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने में उपयोगी साबित होते हैं।



0 टिप्पणियां
अपनी प्रतिक्रिया साझा करें।