दैनिक प्राइम न्यूज राजस्थान राकेश तंवर बयाना। कस्बे में पंचायत समिति रोड स्थित देवनारायण कन्या महाविद्यालय के पास गुरुवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची 108 एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को बयाना अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए भरतपुर रेफर कर दिया।
*दोनों घायलों की हालत गंभीर*
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में तरबीजपुर निवासी 25 वर्षीय धीरज सैन और सिकंदरा निवासी 20 वर्षीय भीम सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए बयाना अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद दोनों को उच्च चिकित्सा केंद्र भरतपुर भेज दिया गया।
*सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस*
दुर्घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायलों और हादसे से संबंधित जानकारी जुटाई। फिलहाल दोनों बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत किन कारणों से हुई, इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।



0 टिप्पणियां
अपनी प्रतिक्रिया साझा करें।