रिपोर्टर अनिल कुमार
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आह्वान पर एक नवंबर को दिल्ली में आयोजित आंदोलन और ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और इंडिया गठबंधन के नेता दिल्ली पहुंचे हैं। रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम को लेकर राजधानी में कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ नजर आ रही है।
लाइव तस्वीरों में नेताओं और कार्यकर्ताओं की लंबी कतारें दिखाई दे रही हैं। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली पुलिस की ओर से रूट में बदलाव किया गया है। मार्च का काफिला निर्धारित मार्ग से अलग रूट से आगे बढ़ता दिखाई दिया।
काफिले में तीन ओपन बसें भी नजर आईं। सामने चल रही बस में इंडिया गठबंधन के प्रमुख नेता सवार हैं, जबकि दूसरी बस में गठबंधन के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद हैं। तीसरी ओपन बस में कांग्रेस के नेता और युवा नेता नजर आ रहे हैं। वहीं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और अन्य नेता रामलीला मैदान पहुंच चुके हैं।
इस दौरान राजस्थान से भी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की भागीदारी देखने को मिल रही है। राजस्थान से सचिन पायलट सहित विभिन्न कांग्रेस नेता दिल्ली पहुंच रहे हैं। अजमेर से कांग्रेस नेता डॉ. राजकुमार जयपाल सहित अन्य कार्यकर्ताओं और नेताओं के भी अभियान में शामिल होने की जानकारी सामने आ रही है।
रामलीला मैदान में जुट रही भीड़ के बीच कांग्रेस की ओर से लोकतंत्र, मताधिकार और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर अपना संदेश जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।



0 टिप्पणियां
अपनी प्रतिक्रिया साझा करें।