गंगधार झालावाड़
मुख्य सड़क किनारे गैस टंकियों का वितरण, हादसे की आशंका; भाजपा नेता ने अधिकारियों से की शिकायत
झालावाड़ जिले के डग थाना क्षेत्र के डग-चौमहला रोड पर मुख्य सड़क के किनारे गैस सिलेंडरों का वितरण किए जाने का मामला सामने आया है। श्री नारायण गैस एजेंसी डग के कर्मचारियों द्वारा सड़क किनारे गैस टंकियों का वितरण किए जाने को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले में भाजपा नेता लक्ष्मण सिंह ने गैस एजेंसी संचालक पर गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए उच्च अधिकारियों को अवगत कराया है।
भाजपा नेता का आरोप है कि गैस एजेंसी संचालक द्वारा निर्धारित नियमों को ताक पर रखकर मुख्य सड़क के किनारे गैस सिलेंडरों की सप्लाई की जा रही है। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच करवाकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
एजेंसी संचालक ने आरोपों को बताया निराधार
वहीं, गैस एजेंसी संचालक का कहना है कि उनके द्वारा तहसील एवं नगरपालिका कार्यालय में लिखित रूप से पूर्व में अवगत करवाया जा चुका है कि उक्त स्थान उनका गैस टंकी सप्लाई प्वाइंट है। संचालक के अनुसार, सड़क किनारे नीचे रखी गई टंकियां खाली हैं, जबकि भरी हुई टंकियां ट्रैक्टर में रखी हुई हैं। उन्होंने बताया कि बिना ओटीपी के गैस टंकी नहीं देने के कारण उन पर लगाए गए आरोप निराधार हैं।



0 टिप्पणियां
अपनी प्रतिक्रिया साझा करें।